नए साल के पहले दिन भारत में दुनिया में सर्वाधिक 69,944 शिशुओं का जन्म

नए साल के पहले दिन भारत में दुनिया में सर्वाधिक 69,944 शिशुओं का जन्म

सेहतराग टीम

दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाले देश भारत में नए साल के पहले दिन 69 हजार 944 शिशुओं के जन्‍म का दावा किया गया है। ये दावा यूनिसेफ ने किया है। यूनिसेफ के अनुसार यह संख्या विश्व में सर्वाधिक है। 

संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने एक रिपोर्ट में कहा कि भारत के बाद चीन का स्थान है जहां नए साल के पहले दिन 44,940 बच्चों के जन्म का अनुमान है जबकि नाइजीरिया में ये संख्‍या 25,685 है।

बाल अधिकारों से संबंधित प्रस्ताव को अपनाने की 2019 में 30वीं वर्षगांठ है। इस मौके पर यूनिसेफ पूरे वर्ष दुनिया भर में कार्यकम आयोजित करेगा। यूनिसेफ की उप कार्यकारी निदेशक चार्लोट पेट्री गोर्निट्जका ने कहा कि नए साल पर हम सब एक संकल्प लें कि हर बच्चे के हर अधिकार को पूरा करेंगे और इसकी शुरूआत जीवित रहने के अधिकार से होगी।

उन्होंने कहा कि अगर हम स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर उपकरणों से लैस करते हैं तो हम लाखों बच्चों को बचा सकते हैं।

यूनिसेफ ने कहा कि 2017 में करीब दस लाख बच्चों की मौत उसी दिन हो गयी जिस दिन उन्होंने जन्म लिया और करीब 25 लाख बच्चों की मौत अपने पहले महीने में ही हो गयी। 

यूनिसेफ ने कहा कि नए साल के पहले दिन दुनिया भर में 3,95,072 बच्चे पैदा होंगे जिनमें 69,944 शिशु भारत में होंगे।

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।